केदारनाथ हेली सेवा के लिए सबसे ज्यादा मांग रहती है लेकिन बीते वर्ष उत्तरकाशी व केदारघाटी में दो बड़े हेलिकॉप्टर हादसों ने सुरक्षा पर सवाल खड़े किए थे। इस बार डीजीसीए व यूकाडा हेली सेवा संचालन में सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्क है।
आगामी चारधाम यात्रा में हेली सेवा संचालन के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) तैयारियों में जुट गया है। केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है लेकिन इस बार हेली सेवा के किराए में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। हेली यात्रा काे सुरक्षित बनाने के लिए केदारनाथ, बदरीनाथ धाम में एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर लगेंगे। इससे मौसम की सही समय पर सटीक जानकारी मिलेगी।
इस साल चारधाम यात्रा अप्रैल से शुरू होगी। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे जबकि केदारनाथ के कपाट खुलने की महाशिवरात्रि के दिन तय होगी। आगामी यात्रा के लिए यूकाडा ने हेली सेवा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। केदारनाथ हेली सेवा के लिए सबसे ज्यादा मांग रहती है लेकिन बीते वर्ष उत्तरकाशी व केदारघाटी में दो बड़े हेलिकॉप्टर हादसों ने सुरक्षा पर सवाल खड़े किए थे। इस बार डीजीसीए व यूकाडा हेली सेवा संचालन में सुरक्षा मानकों को लेकर सतर्क है।
गुप्तकाशी, सिरसी व फाटा हेलिपैड से नौ एविएशन कंपनियां केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का संचालन करती हैं। वर्ष 2025 में कंपनियों के साथ अनुबंध समाप्त होने पर यूकाडा ने आगामी यात्रा के लिए नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। बीते वर्ष चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ हेली सेवा के यात्रा में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। इस बार किराया नहीं बढ़ाया जाएगा। पिछली यात्रा के दौरान ही हेली का किराया निर्धारित किया जाएगा।
हेली सेवा की सुरक्षा के लिए डीजीसीए के साथ बैठक
चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं की सुरक्षा के लिए डीजीसीए के साथ यूकाडा की पहली बैठक हो चुकी है। जिसमें मंदाकिनी वैली के अलावा बदरीनाथ, उत्तरकाशी में हेलिकॉप्टरों की उड़ान पर गहन चर्चा की गई। हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की रियल टाइम जानकारी देने के लिए केदारनाथ व बदरीनाथ में एटीसी टावर लगाए जाएंगे। अचानक मौसम खराब होने की स्थिति उड़ान की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा केदारनाथ हेली सेवा में 30 प्रतिशत उड़ान को कम करने का डीजीसीए का निर्णय इस बार लागू रहेगा।
केदारनाथ हेली सेवा का आने व जाने का किराया
गुप्तकाशी से केदारनाथ – 12,444 रुपये
फाटा से केदारनाथ – 8,842 रुपये
सिरसी से केदारनाथ – 8839 रुपये
हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार किराये में बढ़ोतरी नहीं होगी। हेली सेवा में सुरक्षा मानकों को सख्त से लागू करने के लिए डीजीसीए के साथ बैठक हो चुकी है। केदारनाथ हेली सेवा समेत चार्टर्ड सेवाओं की उड़ानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। -आशीष चौहान, सीईओ, यूकाडा



