क्रिकेट के बाद पढ़ाई का मैदान मारने को तैयार वैभव सूर्यवंशी
अंडर-19 विश्व कप 2026 में भारत को खिताब दिलाने वाले वैभव सूर्यवंशी अब समस्तीपुर में 10वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। फाइनल में 175 रन बनाने वाले वैभव को स्कूल में कोई विशेष सुविधा नहीं मिलेगी और उन्हें अन्य छात्रों की तरह ही परीक्षा देनी होगी। पोदार इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल ने समान व्यवस्था की पुष्टि की।
भारत के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट के मैदान पर अब तक कई शानदार पारियां खेल चुके हैं। हालांकि, अब वे अपने सामान्य जीवन में लौट चुके हैं और 10वीं की परीक्षा देने को तैयार हैं। सूर्यवंशी भले ही क्रिकेट के मैदान पर 14 साल की उम्र में अपना झंडा गाड़ चुके हैं लेकिन अब उन्हें पढ़ाई का मैदान भी मारना है। वे अब समस्तीपुर में 10वीं की परीक्षा देने को तैयार हैं और उन्हें अपना एडमिट कार्ड भी मिल चुका है।
सूर्यवंशी ने हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अपने बल्ले की चमक बिखेरी थी। उन्होंने फाइनल मुकाबले में 175 रनों की पारी खेली, जिससे टीम इंडिया छठी बार खिताब जीतने में कामयाब रही। भारत को चैंपियन बनाने के बाद सूर्यवंशी अब समस्तीपुर में 10वीं क्लास की बोर्ड परीक्षा देंगे और इसके लिए स्कूल ने भी पूरी तैयारी कर ली है। हालांकि, स्कूल के प्रिंसिपल का कहना है कि वैभव को कोई खास सुविधा नहीं दी जाएगी।
स्कूल के प्रिंसिपल का बायन
मीडिया से बात करते हुए समस्तीपुर स्थित पोदार इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी हमारे स्कूल में 10वीं की परीक्षा देने वाले हैं। उनके आने से टीचर, छात्र और अभिभावक सभी बहुत ही अधिक उत्साह में हैं। हमने उनके लिए सारी व्यवस्था कर ली है लेकिन उन्हें एक छात्र मानकर ही सारी व्यवस्था की है। ये शिक्षा का मैदान है, क्रिकेट का मैदान नहीं। ये परीक्षा 17 फरवरी से शुरु हो रही है। हम ये सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा देने में किसी को कोई परेशानी न हो। सभी के लिए सुविधा और सुरक्षा एकसमान रहेगी।”
अंडर-19 वर्ल्ड कप में वैभव का प्रदर्शन
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। उन्होंने इस विश्व कप में कुल 7 मुकाबले खेले, जिसमें 62.71 की औसत और 169.49 की स्ट्राइक रेट के साथ 439 रन बनाए। इसी के साथ वैभव टूर्नामेंट में दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।



