विकास और विरासत की पिच पर सीएम योगी ने बिछाई सियासी बिसात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ताजनगरी में 6,466 करोड़ की विकास परियोजनाओं के जरिये न केवल आगरा का नक्शा बदलने की नींव रखी, बल्कि विधानसभा चुनाव 2027 के लिए एक राजनीतिक ब्लूप्रिंट भी पेश कर दिया। ग्रेटर आगरा के रूप में एक नई औद्योगिक और रिहायशी योजना का शिलान्यास कर मुख्यमंत्री ने शहरी मतदाताओं, युवाओं और निवेशकों को एक साथ साधने की कोशिश की।
रहनकलां की जनसभा में मुख्यमंत्री के नोएडा मॉडल वाले बयान की गूंज सबसे अधिक रही। स्थानीय निवासी रामवीर सिंह और रायपुर के गौरव सिंह जैसे युवाओं का मानना है कि विपक्ष के बेरोजगारी वाले प्रहारों की काट के लिए सरकार ने रोजगार और औद्योगिक विस्तार का दांव खेला है। आगरा को दूसरे नोएडा के रूप में विकसित करने का वादा सीधे तौर पर उन नए वोटर को अपनी ओर खींचने की कवायद है, जो बेहतर भविष्य की तलाश में पलायन करने को मजबूर थे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ग्रेटर आगरा की टाउनशिप के सेक्टरों का नाम गंगा, यमुना और सरस्वती जैसी 10 पवित्र नदियों पर रखना भाजपा की विकास भी, विरासत भी की रणनीति का हिस्सा है। यह सीधे तौर पर ध्रुवीकरण की पारंपरिक राजनीति से इतर सांस्कृतिक समावेश के जरिये मतदाताओं को एकजुट करने का प्रयास है। ऐसी योजनाएं उन लोगों को आकर्षित करती हैं जो आधुनिक सुविधाएं तो चाहते हैं, लेकिन अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव भी महसूस करना चाहते हैं।
2027 के लिए तैयार हो रहा विकास का रिपोर्ट कार्ड
खराब मौसम के बावजूद उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट कर दिया कि 2027 की लड़ाई केवल वादों पर नहीं, बल्कि डिलीवरी रिपोर्ट कार्ड पर लड़ी जाएगी। आगरा मेट्रो, रबर डैम, एयरपोर्ट टर्मिनल और ग्रेटर आगरा जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स इसी रणनीति का हिस्सा हैं।
भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने माफियाओं पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था का जिक्र कर सुरक्षा की प्रतिबद्धता को दोहराया। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि सुरक्षा, समृद्धि और सनातन के इस त्रिकोण पर सवार होकर भाजपा आगामी चुनावों में उतरने की तैयारी में है। ग्रेटर आगरा के बहाने रीयल एस्टेट और व्यापारिक समीकरणों में होने वाला बदलाव स्थानीय स्तर पर भाजपा के पक्ष में एक लहर पैदा कर सकता है।




