बारिश के दिन Delhi में घूमने के लिए बेस्ट हैं ये 5 Hidden Spots
जब आसमान में काले बादल छाते हैं और ठंडी हवाएं चलती हैं, तो घर में बैठने का मन भला किसका करता है? हालांकि, बारिश होते ही इंडिया गेट, कनॉट प्लेस या हौज खास जैसी जगहों पर इतनी भीड़ हो जाती है कि सारा मजा खराब हो जाता है।
अगर आप दिल्ली की भीड़-भाड़ से दूर, बारिश की बूंदों और हरियाली के बीच सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं, तो हम आपके लिए लाए हैं दिल्ली के 5 ऐसे ‘हिडन स्पॉट्स’ (Rainy Day Spots In Delhi)। यकीन मानिए, यहां खींची गई आपकी तस्वीरें देखकर आपके दोस्त भी पूछेंगे- “प्लीज बता, ये कौन-सी जगह है?”
जहाज महल, महरौली
अगर आप बारिश के मौसम में किसी ऐसी जगह जाना चाहते हैं जो आपको किसी पुराने शाही जमाने में ले जाए, तो ‘जहाज महल’ बेहतरीन जगह है। इस महल का निर्माण कुछ इस तरह हुआ है कि इसके बगल में मौजूद झील जब बारिश के पानी से भर जाती है, तो यह महल पानी पर तैरते हुए एक बड़े जहाज जैसा दिखता है।
बता दें, बारिश के दौरान यहां का नजारा बहुत ही खूबसूरत हो जाता है। पुरानी ईंटों और हरियाली के बीच फोटोग्राफी के लिए यह एक परफेक्ट जगह है।
चंपा गली, साकेत
बारिश हो रही हो, हाथ में एक गर्म कॉफी का कप हो और बैकग्राउंड में हल्की-हल्की लाइटें जल रही हों… क्या यह किसी हॉलीवुड फिल्म के सीन जैसा नहीं लगता? साकेत की तंग गलियों में छिपी ‘चंपा गली’ आपको बिल्कुल ऐसा ही एहसास कराएगी।
यह जगह अपने बोहेमियन लुक, छोटे-छोटे खूबसूरत कैफे और विंटेज वाइब के लिए जानी जाती है। बारिश के दिन यहां बैठकर दोस्तों के साथ गपशप करना और तस्वीरें क्लिक करना एक शानदार एक्सपीरिएंस है।
महरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क
कुतुब मीनार के ठीक बगल में स्थित होने के बावजूद, यह जगह लोगों की नजरों से काफी बची हुई है। लगभग 200 एकड़ में फैला यह पार्क बारिश के मौसम में बिल्कुल धुलकर साफ हो जाता है और यहां की हरियाली देखते ही बनती है।
हरे-भरे पेड़ों के बीच छिपे पुराने मकबरे और खंडहर एक बहुत ही ‘मूडी’ और रहस्यमयी बैकग्राउंड देते हैं। अगर आपको नेचर और पुरानी इमारतों का कॉम्बिनेशन पसंद है, तो यहां जरूर जाएं।
संजय वन
क्या आप यकीन करेंगे कि दिल्ली के बीचों-बीच एक घना जंगल भी है? वसंत कुंज और महरौली के पास स्थित ‘संजय वन’ बारिश के दिनों में किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगता।
मिट्टी की सोंधी खुशबू, पेड़ों से गिरती पानी की बूंदें और मोर की आवाजें आपको एक अलग ही दुनिया में ले जाएंगी। अगर आपको बारिश में थोड़ी एडवेंचरस वॉक करना पसंद है, तो अपने आरामदायक जूते पहनें और यहां निकल पड़ें।
भारद्वाज लेक, असोला भट्टी
यह दिल्ली के सबसे हिडेन स्पॉट्स में से एक है। दिल्ली और फरीदाबाद के बॉर्डर पर स्थित असोला भट्टी वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी के अंदर एक बेहद खूबसूरत और नीले पानी की झील है। जी हां, ऊंचे-ऊंचे पत्थरों और घने पेड़ों से घिरी यह झील बारिश के मौसम में अपने सबसे सुंदर रूप में होती है। यहां तक पहुंचने के लिए थोड़ा पैदल चलना पड़ता है, लेकिन यहां पहुंचकर जो नजारा दिखता है, वह सारी थकान मिटा देता है। सबसे खास बात कि यहां की तस्वीरें देखकर कोई कह ही नहीं सकता कि यह जगह दिल्ली में है।
ध्यान रहे, बारिश के मौसम में संजय वन या भारद्वाज लेक जैसी जगहों पर जाते समय अच्छे ग्रिप वाले जूते जरूर पहनें क्योंकि रास्ते थोड़े फिसलने वाले हो सकते हैं।



