खेल

ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम का एलान, बाबर आजम की हुई वापसी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान ने अपनी टीम का एलान किया है। बाबर आजम की टीम में वापसी हुई है। उनके अलावा हारिस रऊफ भी टीम में चुना गया है।

वहीं बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई पिछली वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को टीम में जगह नहीं मिली है। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में उनके बल्ले से सिर्फ 58 रन ही निकले थे। संभवतः इसी कारण रिजवान को बाहर कर बाबर को मौका मिला है।

इन गेंदबाजों की हुई वापसी

शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी बरकरार है। पिछली वनडे सीरीज में टीम से बाहर रहे नसीम शाह, शादाब खान, सूफियान मुकीम को भी टीम में वापस बुलाया गया है। रिजवान की जगह मुहम्मद गाजी गौरी और रोहेल नजीर को टीम में बतौर विकेटकीपर चुना गया है। नजीर को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है। उस्मान खान को बीमारी के कारण टीम में नहीं चुना गया है।

फखर जमां और सैम अयूब भी बाहर

रिजवान के अलावा फखर जमां और अयूब को भी जगह नहीं मिली है। दोनों चोट के कारण टीम से बाहर हैं। इस समय दोनों ही खिलाड़ी अपनी चोटों पर काम कर रहे हैं। पीसीबी की मेडिकल टीम दोनों पर निगरानी रखे हुए है।

16 सदस्यीय टीम शुक्रवार शाम इस्लामाबाद में एकत्रित होगी। सीरीज की शुरुआत 30 मई से हो रही है जिसका आखिरी मैच चार जून को खेला जाएगा। ये मैच रावलपिंडी और लाहौर में होंगे।

वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम: शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली अगा (उप-कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफत मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी गौरी (विकेटकीपर), नसीम शाह, रोहेल नजीर (विकेटकीपर), साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शामिल हुसैन, सूफियान मुकीम।

Related Articles

Back to top button