पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू को 68वें जन्मदिन पर दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर शनिवार को उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि साहस, सादगी, विनम्रता तथा जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से भरी उनकी जीवन यात्रा देशभर के लोगों को प्रेरित करती है। भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मुर्मू शनिवार को 68 वर्ष की हो गईं।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। साहस, सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से भरी उनकी जीवन यात्रा देशभर के लोगों को प्रेरित करती है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि मुर्मू ने सार्वजनिक जीवन में अपने कई वर्षों के दौरान राष्ट्र की उत्कृष्ट तरीके से सेवा की है और वह वंचित एवं हाशिये पर रह रहे लोगों के कल्याण के लिए विशेष रूप से समर्पित रही हैं।
मोदी ने कहा कि भारत के विकास के प्रति मुर्मू का दृढ़ समर्पण बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा, ”मैं कामना करता हूं कि राष्ट्र की सेवा के लिए उन्हें लंबा और स्वस्थ जीवन मिले। मैं आज ओडिशा में आयोजित कार्यक्रम में उनसे मिलने को लेकर उत्साहित हूं।”




