लखनऊ अग्निकांड : प्रवेश द्वार पर एसी के पांच आउटर यूनिट देख एसआईटी नाराज
अलीगंज अग्निकांड मामले की जांच कर रही एसआईटी ने बृहस्पतिवार को जलकल जोन-तीन कार्यालय का दौरा किया। इसके बाद टीम घटनास्थल पर भी पहुंची। हादसे वाली बिल्डिंग के प्रवेश द्वार पर एसी की पांच आउटर यूनिट और दो एग्जास्ट फैन लगे देख टीम ने विद्युत सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। एसी की आउटर यूनिट और एग्जास्ट के चलते आने-जाने का एक मात्र रास्ता भी संकरा हो चुका था।
अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एक एनीमेशन कोचिंग सेंटर की बिल्डिंग में सोमवार को भीषण आग लगी थी। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद यह भी सामने आया कि अग्निशमन की गाड़ियां समय नहीं पहुंच पाई थीं। यह भी चर्चा थी कि गाड़ियों को दोबारा पानी लेने के लिए भी समस्या हुई।
इन बिंदुओं की जांच के लिए ही बृहस्पतिवार को एसआईटी अलीगंज सेक्टर-बी में थाने के पास स्थित जलकल जोन-तीन कार्यालय पहुंची थी। टीम ने यह पड़ताल की कि जरूरत पड़ते तो यहां से दमकल की कितनी गाड़ियों को पानी मिल सकता है। जलकल का यह कार्यालय घटना स्थल से करीब दो किमी दूरी पर है।
जलकल के अधिकारियों ने टीम को बताया कि जरूरत पड़ने पर भूमिगत जलाशय से एक साथ 100 गाड़ियों को पानी दिया जा सकता है। कार्यालय में जनरेटर की भी सुविधा है। यदि बिजली न हो तो भी पानी को पंप कर गाड़ियों में भरा जा सकता है।



