दिल्ली-एनसीआर में साफ हुआ मौसम, यूपी-बिहार में आंधी-बारिश से 8 की मौत
देशभर के मौसम में अचानक आए बदलाव ने कहीं राहत तो कहीं भारी तबाही मचाई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में हुए बारिश से जहां तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, बिहार और यूपी में आंधी-बारिश काल बनकर आई है और जहां आंधी-बारिश और बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है।
बीते 24 घंटों में बिहार में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई, वहीं, यूपी में भी दो लोगों की जान चली गई। बेमौसम हो रही बारिश-ओलावृष्टि के साथ तेज हवाओं से गेंहू, सरसों, मक्का आदि की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। देश के किस राज्य में कैसा है मौसम का मिजाज… आइए जानते हैं देशभर के मौसम का हाल…
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रहा है और प्रदूषण से भी राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बादलों की आवाजाही बनी हुई है। सोमवार, 23 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में फिर से हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है।
बिहार में आंधी-पानी ने पहुंचाया नुकसान
बिहार में भी बीते दो दिनों से आंधी और भारी बारिश देखने को मिल रही है। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की वजह से कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, . बिजली गिरने से छह लोगों की जान चली गई और कम से कम दस अन्य घायल हो गए।
अगले 24 घंटों के दौरान पटना सहित अन्य भागों में बादल छाए रहने के साथ हल्की-फुल्की बारिश की संभावना है, जबकि बिहार के 6 जिलों के अररिया, किशनगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी एवं सुपौल में 40-60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ वर्षा और मेघ गर्जन को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
यूपी में भी झमाझम बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के असर यूपी में भी देखने को मिल रहा है। बीते दिनों तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का यह दौर देखने को मिला। वहीं, रविवार 22 मार्च तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान के अनुसार, आज पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों और बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा में शाम को बौछार और गरज व चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
बाकी राज्यों के मौसम का हाल
एक ओर जहां कई राज्यों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड का एहसास हो रहा है, वहीं एमपी में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। अगर बात करें पहाड़ी राज्यों की तो जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है।
गर्मी से राहत
तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सबसे खास बात यह है कि एक हफ्ते तक देश में कहीं भी हीटवेव चलने की कोई आशंका नहीं है। जिसके कारण मार्च के महीने में भीषण गर्मी पड़ने की कोई संभावना नहीं दिख रही है। हालांकि, केरल, तटीय कर्नाटक और गोवा में उमस वाला मौसम हो सकता है।



