IPL 2026 के बीच लंदन जाएंगे विराट कोहली! RCB से चार्टर्ड फ्लाइट की मांग की?
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले विराट कोहली लंदन से भारत आ गए थे। वह 19वें सीजन के लिए लगातार अभ्यास कर रहे हैं। 28 मार्च से आईपीएल 2026 का आगाज होगा। पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।
गत विजेता आरसीबी की नजर इस सीजन खिताब का बचाव करने पर है। इस बीच विराट कोहली से जुड़ी एक खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि, किंग कोहली ने साफ कर दिया है कि इस खबर में जरा भी सच्चाई नहीं है।
चार्टर्ड फ्लाइट की मांग कर रहे हैं
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें कोहली की तस्वीर के साथ लिखा है, ‘रिपोर्ट के अनुसार विराट कोहली आईपीएल 2026 के ब्रेक के दौरान भारत और लंदन के बीच पर्सनल ट्रेवल के लिए आरसीबी से चार्टर्ड फ्लाइट की मांग कर रहे हैं। अगर मैच के बीच 3 दिन से ज्यादा का गैप है तो विराट लंदन रवाना हो जाएंगे और अगले मैच से पहले वापस आएंगे।’
कोहली ने इन खबरों को खारिज करते हुए इन्हें फर्जी बताया है। कोहली ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए हा-हा रिएक्ट किया है। इससे साफ है कि यह खबर सिर्फ एक मजाक है। कोहली पूरे सीजन भारत में ही रहने वाले हैं।

