SL A vs IND A: इंडिया ए की रेड बॉल सीरीज में नबी के प्रदर्शन पर नजर
तेज गेंदबाज आकिब नबी और भारतीय टेस्ट टीम के कुछ नियमित खिलाड़ी गुरुवार से शुरू हो रही श्रीलंका-ए के विरुद्ध लाल गेंद (बहुदिवसीय) की दो मैचों की सीरीज में भारत-ए के लिए मैदान पर उतरेंगे तो उनके सामने खुद को साबित करने के साथ-साथ चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का भी अच्छा मौका होगा।
60 विकेट लिए थे
जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत में 60 विकेट लेने के शानदार प्रदर्शन के बावजूद अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए नबी को नहीं चुने जाने पर उनके समर्थकों और विशेषज्ञों ने सवाल उठाए थे। श्रीलंका की सपाट पिचों पर उनका प्रदर्शन अगर अच्छा रहा तो चयनकर्ताओं के लिए उन्हें राष्ट्रीय टीम से लंबे समय तक दूर रखना मुश्किल हो सकता है। भारतीय टीम को भी इस वर्ष श्रीलंका के बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलनी है, जहां की परिस्थितियां नबी की गेंदबाजी के अनुकूल होगी।
बरार भी इस टीम में
तेज गेंदबाज गुरनूर बरार भी टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के विरुद्ध वनडे में भारत के लिए पदार्पण किया था। वह यहां प्रभाव छोड़ते हैं तो सीनियर टीम में अपनी जगह बनाए रखने की उनकी संभावना मजबूत हो सकती है। टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल के हाथों में होगी। यह सीरीज उनके नेतृत्व कौशल के लिए भी अहम मानी जा रही है।
दावेदारी मजबूत करनी होगी
यह सीरीज साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल के लिए भी महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज टीम में तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। सुदर्शन अफगानिस्तान के विरुद्ध भारतीय एकादश का हिस्सा थे, जबकि पडिक्कल को बाहर बैठना पड़ा था। अंशुल कंबोज, हर्ष दुबे और रुतुराज गायकवाड़ के पास भी इस सीरीज से राष्ट्रीय टीम में अपनी दावेदारी मजबूत करने का अवसर होगा।
भारत ए टीम
रुतुराज गायकवाड़, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, अमन मोखड़े, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर/कप्तान), हर्ष दुबे, सारांश जैन, आकिब नबी डार, यश ठाकुर, जीशान अंसारी, गुरनूर बरार, नारायण जगदीसन, अंशुल कंबोज, शेख रशीद, आयुष पांडे।
श्रीलंका ए टीम
निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), नुवानिदु फर्नांडो, एशेन बंडारा, सहान अराचिगे (कप्तान), पावंता वीरसिंघे, दिलुम सुदीरा, रविंदु फर्नांडो, केशरा नुवांथा, कविंदु पथिरत्ने, मोहम्मद शिराज, दुलज समुदिथा, प्रवीण मनीषा, असंका मनोज, सोहन डी लिवरा, चमिका गुणसेकरा, अहान विक्रमसिंघे।


