वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका तो चकनाचूर कर देंगे ये 5 बड़े रिकॉर्ड!
भारतीय क्रिकेट में आज के दिन एक नया अध्याय जुड़ सकता है। नए कप्तान श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया दो मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिए इस समय आयरलैंड में है। सीरीज का पहला मैच शुक्रवार को बेलफास्ट में खेला जाना है और इस मैच में वैभव सूर्यवंशी डेब्यू कर सकते हैं।
महज 15 साल के वैभव पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी हैं। आईपीएल-2025 में प्रभावित करने वाले वैभव तब से रुके नहीं है। अंडर-19 इंडिया, आईपीएल-2026, इंडिया-ए के साथ खेलते हुए इस खिलाड़ी ने जो तूफान मचाया है उसने सेलेक्टर्स को मजबूर कर दिया कि वह वैभव को मौका दें। और आज वो दिन हो सकता है जब वैभव अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेल सकते हैं। अगर वैभव मैदान पर उतरते हैं तो वह कुछ रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। आइए बताते हैं क्या हो सकते हैं वो रिकॉर्ड।
वैभव तोड़ सकते हैं 5 बड़े रिकॉर्ड
सबसे युवा खिलाड़ी
वैभव अगर आज आयरलैंड के खिलाफ डेब्यू करते हैं तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। अभी तक ये रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम हैं। सचिन ने साल 1989 में पाकिस्तान के खिलाफ महज 16 साल 205 दिनों की उम्र में भारत के लिए अपना पहला मैच खेला था। वैभव अभी 15 साल के हैं और अगर टीम इंडिया के लिए वह डेब्यू करते हैं तो सचिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी
वैभव का बल्ला चलता है तो फिर गेंदबाजों की शामत आती है। वह तूफानी रफ्तार से रन बनाते हैं। ऐसे में अगर वैभव टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बना लें तो हैरानी नहीं होगी। ये रिकॉर्ड अभी तक कनाडा के मैथ्यू स्पूर्स के नाम है जिन्होंने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2022 में फिलिपिंस के खिलाफ 66 गेंदों पर 108 रनों की पारी खेली थी। वैभव की काबिलियत को देखते हुए किसी को शक नहीं होगा अगर वह ये काम कर दें तो।
रहाणे का रिकॉर्ड निशाने पर
वहीं भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल डेब्यू में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर की बात की जाए तो ये रिकॉर्ड अजिंक्य रहाणे के नाम है। रहाणे ने अगस्त 2011 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में 39 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली थी। वैभव इस रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर सकते हैं।
सबसे युवा शतक/अर्धशतक बनाने वाला बल्लेबाज
अगर वैभव सूर्यवंशी डेब्यू मैच में अर्धशतक या शतक जमा देते हैं तो वह पुरुष टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए ऐसा करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज होंगे।
आयरलैंड के खिलाड़ी का तोडेंगे रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी अगर आज डेब्यू करते हैं तो वह आईसीसी के फुल मेंबर देशों में पुरुष टीम से टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। इस मामले में वह आयरलैंड के ही जोश लिटिल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे जिन्होंने 2016 में 16 साल की उम्र में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ डेब्यू किया था।


